fire in tuck on moradabad highway
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली हाईवे पर खडे़ परचून के सामान से लदे एक ट्रक में शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में आग लग गई। इससे हाइवे पर तीन घंटे तक अफरा तफरी मची रही और जाम लग गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग से ट्रक में रखा लाखों रुपये का सामान जल गया।
गाजियाबाद से स़ुगम परिवहन प्राइवेट लिमिटेड सोनौली परचून का सामान लेकर जा रहा ट्रक पाकबड़ा में हाईवे किनारे खड़ा था। शनिवार सवेरे करीब सात बजे ट्रक के केबिन में अचानक आग लग गई। धीरे धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया। आसपास के लोगों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना पर पुलिस और फायर सर्विस की गाड़ी भी मौके पर आ गई। आग से ट्रक के टायर फटने लगे और धमाके होने लगे। इससे अफरा तफरी मच गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद फायर बिग्रेड ने आग पर काबू पाया। आग के कारण तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने ट्रैफिक को डायवर्ट करके एक ओर का हाइवे खोल दिया था। ट्रक चालक मौहम्मद आगोस पुत्र अब्बास हुसैन निवासी मदारपुरा थाना मैनाठेर ने बताया की ट्रक के मालिक भी पास के गांव गुरेर निवासी मुजीब अहमद है। वह सवेरे सात बजे ट्रक लेकर पाकबड़ा आ गया था।
नींद आ रही थी इसलिए ट्रक में कुछ देर को सोने लगा था। इसके बाद अचानक गाड़ी से धुआं निकलने लगा और आग ने गाड़ी और सामान को जलाकर राख कर दिया। एसएचओ सुधीर पाल धामा ने बताया की मामले की तहरीर गाड़ी स्वामी मुजीब अहमद ने दी है। गाड़ी में आग लगने की वजह की फायर ब्रिगेड जांच कर रही है।