कटघर स्थित शिवपुरी गत्ता फैक्ट्री में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला
कटघर थानाक्षेत्र के शिवपुरी स्थित गत्ता फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। घनी आबादी के बीच हुए अग्निकांड से अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर दमकल कर्मी गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक फैक्टरी में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था।
कटघर थाना क्षेत्र के डबल फ ाटक निवासी अशोक कुमार शर्मा की शिवपुरी में गत्ता फैक्टरी है। मंगलवार को गणतंत्र दिवस की वजह से फैक्टरी बंद थी। मंगलवार शाम करीब पांच बजे फैक्टरी के बराबर में रहने वाले प्रवीण कुमार ने फैक्टरी से आग की लपटें उठती देखीं तो तुरंत पुलिस और दमकल विभाग और फैक्टरी मालिक को इसकी जानकारी दी।
कुछ ही देर में दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया गया। एक घंटे बाद आग बुझा तो ली गई, लेकिन तब तक फैक्टरी में रखा सामान जल चुका था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है।