गणतंत्र दिवस के मौके पर मंगलवार को पुलिस लाइन में परेड का आयोजन किया गया। जिसमें जवानों की कदमताल से पुलिस लाइन का मैदान गूंज उठा। पंचायतीराज मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया। इसके बाद आयोजित भव्य परेड का निरीक्षण किया और परेड की सलामी ली। साल भर बेहतर कार्य करने वाले 48 पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारे संविधान निर्माताओं ने विभिन्न रंगों के पुष्पों के सुसज्जित एक गुलदस्ते के समान गणतंत्र की परिकल्पना की थी। इससे पहले उन्होंने सभी परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और सराहनीय कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया। पुलिस लाइन में आयोजित परेड में यातायात पुलिस, नागरिक पुलिस, सशस्त्र पुलिस, महिला पुलिस, पीएसी, होमगार्ड, रेडियो सेवा, फ ायर सर्विस, बायरलैस विभाग, डायल 112, फ ील्ड यूनिट की टोलियां शामिल हुईं। इस अवसर पर रामचंद्र शर्मा कन्या इंटर कालेज, राजकीय महिला पालीटेक्निक स्कूल एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा देश की एकता अखंडता एवं सांप्रदायिक सद्भाव से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
इस मौके पर सांसद डा. एसटी हसन, सदस्य विधान परिषद डा. जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, अध्यक्ष राज्य बाल संरक्षण आयोग डा. विशेष गुप्ता, मंडलायुक्त वीरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक रमित शर्मा, जनपद न्यायाधीश देवीशंकर प्रसाद श्रीवास्तव, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चैधरी, पुलिस अधीक्षक नगर अमित आनंद, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, एसपी यातायात अशोक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।