स्टंट करने वाले पांचों आरोपी गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में बाजार में बाइक से स्टंटबाजी करना पांच युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के जरिये स्टंटबाजों को पकड़ लिया। पांचों युवक गलशहीद के असालतपुरा निवासी हैं। पुलिस ने बाइक का साढ़े छह हजार रुपये का चालान करने के बाद सीज कर दी है।
एक व्यक्ति ने रविवार को एक वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें पांच युवक एक बाइक से स्टंटबाजी करते देख रहे हैं। ट्वीट में मुरादाबाद पुलिस को भी टैग किया गया था। वीडियो व्हाट्सएप ग्रुपों में भी वायरल हुआ था। कोतवाली पुलिस ने वीडियो की जांच की। इसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों को पकड़ लिया। इसके अलावा वो बाइक भी बरामद कर ली, जिससे स्टंटबाजी की जा रही थी।
पकड़े गए आरोपियों में गलशहीद के असालतपुरा निवासी शमीम दादा, इरशाद, मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद वसीम और मोहम्मद आरिफ हैं। कोतवाली प्रभारी रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कि शमीम बाइक चला रहा था, जबकि चार उसके पीछे बैठे थे। बाइक का 6,500 रुपये का चालान किया गया है। सोमवार दोपहर बाद पांचों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांचों को पचास-पचास हजार रुपये के दो-दो जमानती और पचास हजार रुपये बंधपत्र कोर्ट में दाखिल करने के बाद जमानत मिल गई।