कांठ। भूमि विवाद के चलते युवक से मारपीट और धमकी देने सहित धोखाधड़ी के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
छजलैट के दयानाथपुर निवासी नितिन कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना-पत्र में कहा है कि उसके पिता अजयवीर सिंह मानसिक रूप से बीमार हैं। आरोप है कि इसकी लाभ उठाकर 11 सितंबर 2023 को सेरुआ धर्मपुर के देशराज सिंह, नरेंद्र सिंह, मोहम्मदपुर ध्यान सिंह का कुलविंद्र सिंह, मुन्नी देवी, खुशीराम और दयानाथपुर का ज्ञानी उसके पिता को बहला-फुसलाकर कार में बैठाकर ले गए और कांठ-पाकबड़ा बाईपास स्थित गोविंदपुर ध्यान सिंह में उसके पिता के नाम दो बीघा कृषि भूमि का सभी ने धोखाधड़ी करके पिता से मुन्नी देवी के नाम बैनामा करा लिया। आरोप है कि 18 सितंबर 2023 को यह सभी लोग भूमि पर कब्जा करने पहुंच गए। जब इसका विरोध किया तो यह धमकी देते हुए भाग गए। नितिन कुमार का आरोप है कि इसके बाद 26 मई 2026 को वह कांठ तहसील से वापस अपने घर जा रहा था। जब गेट से बाहर निकला तो आरोपियों ने गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उसने थाने सहित पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र दिए, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब इस मामले में मंगलवार को कांठ पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर देशराज सिंह, नरेंद्र सिंह, कुलविंद्र सिंह, मुन्नी देवी, खुशीराम और ज्ञानी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।