कांठ। दुकान के आगे बाइक खड़ी करने के विवाद में दुकान में घुसकर दुकानदार पर हमले, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो का शांतिभंग में चालान किया है।
कांठ नगर के मोहल्ला पृथ्वीगंज निवासी बुद्धू सिंह प्रजापति बुधवार को मुरादाबाद-हरिद्वार के किनारे गुरुद्वारा के सामने स्थित अपनी रेडीमेट और मिट्टी के बर्तनों की दुकान में बैठे थे। तभी गांव गोपालपुर निवासी अजय ने अपनी बाइक दुकान के आगे बाइक खड़ी कर दी। दुकानदार ने विरोध किया तो अजय गाली-गलौज करने लगा। इसी को लेकर दोनों में कहासुनी भी हुई थी। उस समय अजय चला गया था, लेकिन आरोपी अन्य युवकों के साथ आया और दुकान में बैठे बुद्धू सिंह पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया था, उनके साथ मारपीट की थी। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए दो बाइकें छोड़कर भाग गए थे। इस मामले में पुलिस ने बुद्धू सिंह प्रजापति की तहरीर पर अजय, आकाश, अमित और विमल के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि अजय और विमल का शांतिभंग चालान कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है। संवाद