सिरसवां दोराहा। परचून दुकानदार अख्तर अली की नहर के गड्ढे में भरे पानी में डूबकर हुई माैत के मामले में पुलिस ने पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना भोजपुर क्षेत्र के ग्राम गोधी निवासी अफसर अली ने थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांचाल को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अख्तर अली (45) गांव में ही परचून की दुकान चलाता था। 27 जनवरी को वह मुरादाबाद स्थित रामपुर दोराहे से दुकान का सामान लेने गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। उसने परिजनों के साथ आसपास के गांव एवं रिश्तेदारियों में काफी तलाश की लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 28 जनवरी को उसने अख्तर अली के लापता होने की थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार शाम ग्राम सिरसावां गौड़ के पास नहर के गड्ढे में भरे पानी में उसका शव मिला था। अफसर अली ने पुलिस को बताया कि उसके भाई अख्तर अली कह पत्नी का गांव के ही अल्ताफ से संबंध हैं। अख्तर अली उसको टोकता–रोकता रहता था। अफसर अली के मुताबिक, इसी बात को लेकर उसकी भाभी ने अल्ताफ साथ मिलकर अख्तर अली की हत्या का षड्यंत्र रचा। आरोप है कि अल्ताफ ने सनता सैनी एवं रंजीत निवासी ग्राम गोधी के साथ मिलकर अख्तर अली की हत्या की है। पुलिस ने पत्नी समेत चारों आरोपियों के खिलाफ हत्या प्राथमिकी दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।