पाकबड़ा एसबीआई की पाकबड़ा शाखा के प्रबंधक के खिलाफ पाकबड़ा थाने में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने ये कार्रवाई की है।
मैनाठेर थानाक्षेत्र के जाफरपुर निवासी इस्तकार ने पुलिस को बताया कि मैनाठेर थाना क्षेत्र के गुरैर स्थित एसबीआई की शाखा में उसका बचत खाता है। 15 जून को वह पाकबड़ा गया था। यहां उसने उसने एसबीआई के एटीएम से रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाया। इसी दौरान एटीएम बूथ में एक युवक आ गया। उसने मदद करने का झांसा देकर इस्तकार का कार्ड बदल लिया था। रुपये न निकलने पर इस्तकार चला गया। अभी वह पाकबड़ा बाजार में ही पहुंचा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर मैसेज आए। जिसमें चार बार में दस-दस हजार रुपये निकल चुके थे। वह तत्काल पाकबड़ा स्थित एसबीआई शाखा में पहुंच गया और उसने शाखा प्रबंधक से खाता से पैसे निकासी पर रोक लगाने की बात कही। आरोप है कि शाखा प्रबंधक ने एकाउंट से पैसे निकासी पर रोक नहीं लगाई। इसी बीच ठग ने उनके खाते से 40900 रुपये और निकाल लिए। थाना प्रभारी पाकबड़ा ने बताया कि शाखा प्रबंधक और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया है।