मुरादाबाद में भारत संकल्प यात्रा में मंच पर बैठने को लेकर जमकर मारपीट हुई। इस दौरान कुर्सियां भी चलीं। इसमें भाजपा नेता घायल हो गया। ग्राम प्रधान पर फायरिंग का भी आरोप है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुरादाबाद के कुंदरकी के गांव बगरौआ में रविवार को पहुंची विकसित भारत संकल्प यात्रा में मंच पर बैठने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुईं। कुर्सियों से एक-दूसरे पर हमला किया। भाजपाइयों ने दूसरे पक्ष पर फायरिंग करने का भी आरोप लगाया। भाजपा नेता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन
रविवार को थाने पहुंचे गांव बगरौआ निवासी बाबू हुसैन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। बताया कि उसका बेटा जीशान पाशा भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा में जिलामंत्री है। रविवार को करीब 11:45 बजे गांव में सरकार की योजना के तहत विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम चल रहा था।
कार्यक्रम में जीशान पाशा बी भाजपा नेताओं के साथ मंच पर बैठा था। आरोप है कि तभी ग्राम प्रधान वकार यूनुस के साथ गांव के ही जाने आलम, फैजान, राशिद, रुस्तम, वातिल, वाजिद, यूसुफ व तहजीब आए। सभी धारदार हथियार, अवैध तमंचे, लाइसेंसी राइफल और लाठी-डंडे लिए थे।
विज्ञापन
राशिद ने आते ही जान से मारने की नियत से उसके बेटे के ऊपर फायर कर दिया। इसके बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए जीशान पाशा के साथ मारपीट करते हुए अपनी गाड़ी की ओर ले जाने लगे। इससे उसका बेटा बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसके बेटे को बचाया।
बाबू हुसैन का आरोप है कि इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। भागते समय वाजिद ने लाइसेंसी राइफल से हवाई फायर भी किया। वहीं आसपास के लोगों ने घटना की कुछ वीडियो भी बनाई है। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार ने बताया कि घायल जीशान पाशा को उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। साथ की मामले की जांच कर साक्ष्य के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
विवाद के बाद नहीं हो पाया कार्यक्रम
गांव बगरौआ में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री चंद्रपाल सिंह सैनी, खाबरी अव्वल के मंडलाध्यक्ष देवदत दिवाकर आदि भाजपा नेता मंच पर मौजूद थे। इस दौरान कार्यक्रम में विवाद हो गया। बताते हैं कि मंचासीन भाजपा नेताओं से भी नोकझोंक हुई है।
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार्यक्रम के नोडल अधिकारी के अलावा बिलारी ब्लॉक के अधिकारी व कर्मचारियों के अलावा कुंदरकी थाने की पुलिस भी मौजूद नजर आ रही है। विवाद होने के कुछ ही देर में कार्यक्रम स्थल से ग्रामीण जाते हुए नजर आ रहे हैं। विवाद के बाद कार्यक्रम भी नहीं हो पाया।
एसडीएम ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
बगरौआ गांव में हुए विवाद को लेकर प्रशासन भी गंभीर है। कुंदरकी थाने में काफी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता भी घंटों जुटे नजर आए। आला अधिकारियों ने विवाद को संज्ञान में लिया है। इसी बीच एसडीएम राजबहादुर सिंह भी थाने पहुंचे और भाजपा नेताओं से वार्ता की। एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विकसित भारत संकल्प कार्यक्रम चल रहा था। इसमें पूरा गांव मौजूद था। इस दौरान गांव का जीशान पाशा अतिथियों के साथ मंच पर आकर बैठ गया। इस पर कुछ लोगों ने कहा कि मंच पर अतिथि ही बैठेंगे। इस दौरान उसे उठने को कहा तो वह गली-गलौज करने लगा। जिसको लेकर कहासुनी हो गई। बीच-बचाव में मुझे भी कुर्सी लगी है। थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में मेरे ऊपर लगाया गया जानलेवा हमले का आरोप निराधार है। - वकार यूनुस, ग्राम प्रधान, बगरौआ