घर के सामने बाइक खड़ी करने के विवाद में मारपीट
क्रासर
- मुगलपुरा थानाक्षेत्र में दो पक्षों के आमने सामने आने से बढ़ा तनाव
- पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया केस, घायल को मेडिकल के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। मुगलपुरा थानाक्षेत्र में बुधवार रात एक मकान के सामने बाइक खड़ी करने के विवाद में दो पक्ष भिड़ गई। एक पक्ष ने अपने साथियों को बुलाकर दूसरे पक्ष के लोगों से मारपीट की। इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामला शांत कराया। तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है।
पुलिस के मुताबिक मुगलपुरा थानाक्षेत्र स्थित मोहल्ला जीलाल निवासी रजित गोस्वामी के घर के सामने बुधवार रात एक बाइक और एक स्कूटर खड़ी थी। दरवाजे के सामने वाहन खड़े किए जाने पर उन्होंने आपत्ति जताई और बाइक व स्कूटर को वहां से हटाने के लिए कहा। इस दौरान बाइक और स्कूटर स्वामी आ गए। उन्होंने वाहन हटाने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। वाहन स्वामी ने अपने साथियों को बुला लिया और उन्होंने रजित गोस्वामी से मारपीट की। इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई। मारपीट की सूचना मिलने पर कोतवाली सीओ महेश चंद्र गौतम घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद एसपी सिटी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। सीओ महेश चंद्र गौतम ने बताया कि रजित गोस्वामी की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है, माहौल शांत है।