कुंदरकी। शादी से पहले मंगनी के रस्म कार्यक्रम में मंगेतर ही नहीं पहुंचा। इस पर दुल्हन पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मंगेतर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
शुक्रवार को कुंदरकी के एक मोहल्ले निवासी युवती ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि पांच साल से फैजुल इस्लाम उर्फ फैजी शादी का झांसा देकर बात कर रहा था। आरोपी ने उसका कई बार शारीरिक शोषण भी किया है। वहीं, उसने छह फरवरी को शादी का दिन तारीख तय करने को कहा था। जिसको लेकर युवती पक्ष ने नगर पंचायत के एक बरातघर में तैयारियां की थीं।
100 लोगों के लिए खान-पान का इंतजाम किया गया था, लेकिन मंगेतर और उसके परिवार से कोई नहीं आया, जबकि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए युवती पक्ष के मेहमान भी आ चुके थे। देर शाम युवती पक्ष को मायूस होकर मैरिजहॉल से सामान को समेटना पड़ा। थाना प्रभारी प्रदीप सहरावत का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों के मुताबिक युवती का मंगेतर विद्युत विभाग में संविदाकर्मी है।