मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र निवासी फर्म कर्मी की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। उसने डेढ़ माह पहले ही प्रेम विवाह किया था। फर्म कर्मी के भाई ने पत्नी और उसके मायके वालों पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
कटघर के पीतल नगरी निवासी विशाल चौहान (33) पीतल फर्म में काम करता था। बताया जा रहा है कि डेढ़ माह पहले उसने प्रेम विवाह किया था। महिला ने पुलिस को बताया कि पांच दिसंबर की शाम बेटे विशाल को उसकी पत्नी, मां और बहन बातचीत करने के लिए उसे बुलाकर अपने घर ले गई थीं। इसके बाद विशाल वापस नहीं आया था। भाई ने बताया कि उन्हें सोमवार शाम सूचना मिली कि विशाल जिला अस्पताल मेें भर्ती है। जानकारी मिलने पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, तो पता चला कि विशाल की मौत हो चुकी थी। उसकी पत्नी और मायके वाले फरार हो चुके थे। मंगलवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया है। कटघर थाना प्रभारी आरपी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जा रहा है।