मुरादाबाद। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के हिमगिरी कॉलोनी निवासी महिला गीता शर्मा ने अंजू और आदित्य सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी महिला ने गीता शर्मा के भतीजे और भांजे की महिला टीचर से शादी कराने के नाम पर रकम ट्रांसफर कराई है।
पीड़ित महिला गीता शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 21 सितंबर 2025 को उसने एक अखबार में विज्ञापन पढ़ा था जिसमें लिखा कि सरकारी महिला टीचर को वर की तलाश है। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर गीता ने कॉल की। कॉल रिसीव करने वाली महिला ने अपना नाम अंजू बताया। उसने कहा कि महिला टीचर आरती तिवारी है। वह रामपुर के सरकारी स्कूल में कार्यरत है। गीता ने बताया कि उसे अपने भतीजे रवि प्रकाश शर्मा के लिए पढ़ी लिखी लड़की तलाश है। तब अंजू ने आरती तिवारी से मीटिंग कराने का झांसा देकर पांच हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए लेकिन मीटिंग नहीं कराई। यह रुपये आदित्य सिंह के खाते में ट्रांसफर हुए हैं। अंजू ने आरती तिवारी का रामपुर के ज्वाला नगर में घर होने की बात की थी। कुछ दिन बाद बात की तो अंजू ने बताया कि आरती तिवारी की मृत्यु हो गई है। गीता ने आरती के पते की तस्दीक की लेकिन इस नाम की महिला महिला टीचर का घर नहीं मिला। 12 अक्तूबर 2025 को दोबारा अखबार में विज्ञापन आया। जिसमें भी एक महिला टीचर को वर की तलाश लिखा था। गीता ने फिर से कॉल की। कॉल अंजू ने ही रिसीव की। गीता ने अपने भांजे अभिषेक शर्मा के लिए बात की तो अंजू ने बताया कि साधना पांडेय नाम की महिला टीचर को वर की तलाश है। मीटिंग के नाम पर फिर से पांच हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए हैं। पीड़िता ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने रुपये वापस करने से इन्कार कर दिया है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।