ठाकुरद्वारा। नगर में जगह-जगह बिजली के खंभे झुककर खतरनाक स्थिति में पहुंच चुके हैं। इनमें से कुछ खंभे गिरताऊ हालत में हैं, जिनके नजदीक रहने वालों से लेकर पास से गुजरने वाले तक हादसे की आशंका में घिरे रहते हैं। इसी तरह कई जगह बिजली तारों का घना जाल और लटकी हुई लाइनें भी लोगों को डरा रही हैं।
नगर में सरकारी अस्पताल रोड के मोड़ के पास, काशीपुर चुंगी, बाजार गंज में छिद्दू चौराहे के पास और वार्ड नौ में आर्य समाज रोड पर इस तरह के खंभे हैं। लोगों की शिकायत है कि समस्या बताने के बाद भी बिजली निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा, जबकि आने वाले दिनों में त्योहारों के कारण सड़कों पर भीड़ की अधिकता से खतरा और बढ़ जाएगा।
वार्ड नौ में आर्य समाज रोड पर मकान की ओर गिरताऊ हालत में पहुंचे खंभे की समस्या एक दिन पहले समाधान दिवस में भाजपा के पूर्व नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता ने रखी। इस पर एसडीएम ने बिजली निगम के एसडीओ को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। एसडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि शीघ्र झुके खंभे ठीक कराए जाएंगे।
लोगों का कहना है कि लोहे के इस खंभे की जड़ गल गई है। नजदीक में रहने वाले मुदित अग्रवाल ने बताया कि सप्ताह पूर्व लिखित शिकायत दी थी। सभासद को भी अवगत कराया गया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। यही बात हेमंत कुमार ने भी दोहराई।
इसी क्षेत्र में रहने वाले रूप किशोर ने कहा कि मोहल्ले के लोगों की शिकायत पर इस खंभे के पास सीमेंट का एक अन्य पोल लगाकर लाइन उस पर शिफ्ट कर दी लेकिन जर्जर खंभे को हटाने के बजाय रस्सी से उसे सीमेंट के खंभे से ही बांध दिया। इससे खतरा खत्म तो हुआ नहीं। खतरनाक खंभों के बाबत पूछने पर जेई महेश चंद ने बताया कि इस तरह के पोल हटाने का प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।