बिलारी में हत्या कर जंगल में फेंकी गई ग्यारह वर्षीय छात्रा की हत्या की साजिश खुद उसके पिता ने ही रची थी। अपने तांत्रिक दोस्त के कहने पर छात्रा के पिता ने बेटे की चाहत में बेटी को मारने की स्क्रिप्ट लिख डाली। उसने बेटी की हत्या का जिम्मा भी अपने इसी तांत्रिक दोस्त को सौंपा था।
जिसने जंगल में ले जाकर पहले दोस्त की बेटी के साथ बलात्कार किया और फिर उसे गला घाेंटकर मार डाला। तांत्रिक ने हत्या से पहले छात्रा के साथ कुकर्म भी किया। रोंगटे खड़ा कर देने वाली इस घटना का खुलासा भी रिश्तों को शर्मसार करने वाली कहानी सामने लेकर आया।
पुलिस ने मंगलवार को छात्रा के पिता और उसके तांत्रिक दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को कोर्ट से जेल भेज दिया गया। बिलारी कस्बे से छठी की यह ग्यारह वर्षीय छात्रा 15 दिसंबर को अपराह्न अचानक लापता हो गई थी। घटना के वक्त वह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकली थी। छात्रा के पिता ने अगले दिन बिलारी थाने में बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
रविवार को छात्रा के पिता और उसके तांत्रिक दोस्त ने ही बिलारी से तीन किमी दूर बिचौला गांव के जंगल में गन्ने के खेत से छात्रा की लाश बरामद कर पुलिस को इसकी सूचना दी थी। प्रभारी एसएसपी प्रमोद कुमार सिंह ने मंगलवार को इस घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मासूम छात्रा की हत्या उसी के पिता ने अपने तांत्रिक दोस्त कल्लू पुत्र चेतराम निवासी खडवा थाना बिलारी से कराई थी।
तांत्रिक दोस्त ने उसे झांसा दिया था कि यदि वह अपनी बेटी की हत्या कर दे तो उसकी गर्भवती पत्नी को बेटा होगा। बेटे की चाहत में छात्रा का पिता अपनी ही मासूम बेटी का कातिल बन गया। उसने तांत्रिक से कहा कि वह उसकी बेटी को बहाने से ले जाए और जंगल में ले जाकर मार दे।
पिता का तांत्रिक दोस्त अक्सर घर पर आता जाता था इसलिए घटना वाले दिन तांत्रिक ने जब कहा कि उसके पिता ने बुलाया है तो वह सच मानकर उसके साथ चली गई थी। लेकिन तांत्रिक उसे बिचौला के जंगल में ले गया और रेप के बाद उसे क्रूरता से मार डाला।
पुलिस का कहना है कि तांत्रिक कल्लू सिंह को छात्रा की हत्या करने, रेप और साक्ष्य मिटाने के आरोप में तथा छात्रा के पिता को छात्रा की हत्या की साजिश रचने व साक्ष्य मिटाने और झूठी गुमशुदगी लिखवाकर पुलिस को गुमराह करने आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
तांत्रिक ने छात्रा के पिता से छुपाई थी रेप की बात
बेटे की चाहत में तांत्रिक दोस्त से मासूूम बेटी की हत्या कराने वाले गन्ना समिति के कर्मी को नहीं पता था कि तांत्रिक ने हत्या से पहले उसकी बेटी के साथ रेप भी किया है। दरअसल तांत्रिक ने रेप वाली बात छात्रा के पिता से छुपा ली थी। उसने मिल कर्मी को यही बताया था कि तंत्र मंत्र करने के बाद उसने छात्रा को मार दिया है। पोस्टमार्टम में रेप की बात सामने आने के बाद तांत्रिक और मिल कर्मी में इसे लेकर कहासुनी भी हुई थी।
मन्नतों से मिली बेटी को मरवा डाला
जिस बेटी को उसने तांत्रिक से नृशंसता से मरवा डाला वह उसे सात साल की मन्नतों के बाद मिली थी। शादी के सात सालों तक इस दंपति को कोई औलाद नहीं थी। सात सालों तक तमाम मंदिरों में मत्था टेकने के बाद दंपति को यह औलाद नसीब हुई थी। लेकिन बेटे की चाहत में अंधे हुए गन्ना समिति के कर्मचारी ने मन्नतों से मिली इसी बेटी को मरवा डाला।
पाक्सो एक्ट भी लगेगा तांत्रिक पर
प्रभारी एसएसपी/एसपी ग्र्रामीण प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तांत्रिक कल्लू सिंह पर पाक्सो एक्ट भी लगेगा। रेप के बाद कत्ल की गई छात्रा की उम्र ग्यारह साल थी लिहाजा केस डायरी में पाक्सो एक्ट को भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस इस मामले में कड़ी से कड़ी धाराओं में कार्रवाई करेगी ताकि अभियुक्तों को अदालत में सख्त से सख्त सजा दिलाई जा सके।
तीन साल पहले चौदह दिन की बेटी को मार डाला था
तांत्रिक दोस्त के फेर में फंसे गन्ना समिति के कर्मचारी के हाथों बेटी के
खून की यह पहली घटना नहीं है। करीब तीन साल पहले उसने इसी तांत्रिक के
कहने पर अपनी चौदह दिन की नवजात बेटी को बिस्तर पर रझाई से मार डाला था।
लेकिन बच्ची नवजात थी लिहाजा उस वक्त उसकी मौत रहस्य बनकर रह गई थी।
उसके
एक साल बाद इत्तफाक से उसकी पत्नी को पहला बेटा हुआ तो उसे लगा कि यह उसके
तांत्रिक दोस्त के तंत्र मंत्र का नतीजा है। पुलिस पूछताछ में
मुख्य हत्यारोपी कल्लू सिंह ने कबूला है कि छात्रा के पिता से उसकी वर्षों
पुरानी दोस्ती है। दोस्त की पत्नी छह माह की गर्भवती है और वह बेटा चाहता
था।
कल्लू ने पुलिस को बताया कि छात्रा के पिता ने उससे कहा था कि वह तंत्र
मंत्र करके कुछ ऐसा करे कि बेटा ही हो बेटी न हो। तांत्रिक कल्लू ने जब
बेटी की बली देने की बात कही तो छात्रा का पिता तुरंत तैयार हो गया और बोला
कि, तुम ही मेरी बेटी को जंगल में ले जाकर मार दो।
तांत्रिक कल्लू सिंह ने
छात्रा के पिता को यकीन दिलाया कि बेटी की बली देने पर उसकी बेटी को
शर्तिया बेटा ही होगा। कल्लू सिंह ने पुलिस को बताया कि पहले भी 14 दिन की
नवजात बेटी की मौत के बाद ही दोस्त के घर पहला बेटा हुआ था। तब उसने बेटे
ही चाहत में नवजात बेटी को रझाई से दबाकर मार डाला था।
बिलारी कोतवाली
प्रभारी ने बताया कि लगभग 11 साल पहले छात्रा के पैदा होने के बाद उसका
पिता नहीं चाहता था कि अब कोई दूसरी बेटी घर में आए। लगभग तीन साल पहले
पत्नी ने जब दूसरी बेटी को जन्म दिया तो वह बौखला गया।
वह 14 दिन की हो पाई
थी कि सुबह के समय छात्रा की मां नहाने चली गई और आकर देखा तो दुध मुही
बेटी बिस्तर पर मरी पड़ी थी। छात्रा के पिता ने भारी वजन की रजाई 14 दिन की
बच्ची पर डालकर दबा दी थी जिससे उसकी मौत हो गई थी।