कांठ। छजलैट के गांव वैरमपुर और कूड़ामीरपुर के बीच में ईंट भट्ठे के पास खेत में तेंदुआ दिखाई देने से किसानों के होश उड़ गए। उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी तो टीम ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग की और ग्रामीणों व किसानों को सतर्क किया।
किसान अपने खेतों पर काम कर रहे थे, अचानक उन्हें गांव वैरमपुर और कूड़ामीरपुर के बीच खेतों में तेंदुआ दिखाई दिया। जिससे किसानों में दहशत व्याप्त हो गई। उन्होंने शोर मचाया तो अन्य किसान भी आ गए, जिसके बाद तेंदुआ खेतों में चला गया। इसकी सूचना वन विभाग को दी गई तो डिप्टी रेंजर पुष्पेंद्र सिंह, वन दरोगा अमरजीत सिंह, राजेंद्र सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए की तलाश में कॉम्बिंग की। इस दौरान टीम को यहां तेंदुआ होने के साक्ष्य भी मिले। वन विभाग की टीम ने किसानों और ग्रामीणों को जागरूक करते हुए सतर्क रहने के लिए कहा। बता दें कि चार दिन पहले कांठ के फजलाबाद में गोवंशीय पशु को अपना निवाला बना लिया था। इससे पहले गांव फलैदा, उमरी कलां के पास, शुक्ला भी तेंदुए दिखाई दिए थे। लगातार तेंदुओं के दिखाई देने से क्षेत्र के लोगों में दहशत व्याप्त है। नादिर अली, संजीव कुमार, राहुल चौधरी, सुशील कुमार, निपेंद्र सिंह आदि ने पिंजरा लगवाकर तेंदुओं को पकड़वाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि तेंदुओं के होने से वह खेतों पर नहीं जा रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है।