मुरादाबाद। सोमवार को रामपुर से मुरादाबाद आ रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को मूंढापांडे टोल प्लाजा के निकट नए कृषि कानूून के विरोध में धरना दे रहे भाकियू कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की। कार्यकर्ता टोल प्लाजा के निकट हाईवे पर पहुंच गए, लेकिन इसकी भनक लगते ही पुलिस और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाकर हाईवे से हटाया और ज्ञापन लेकर धरना स्थल पर भेजा।
मूंढापांडे टोल प्लाजा के निकट हाईवे किनारे धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं को जब पता चला कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह रामपुर की ओर से मुरादाबाद आ रहे हैं तो उन्होंने कृषि कानून के विरोध में उन्हें हाईवे पर रोकने की तैयारी कर ली। कार्यकर्ता टोल प्लाजा पर हाईवे किनारे खड़े हो गए। उनकी मंशा की भनक टोल पर मौजूद पुलिस कर्मियों को लगी तो उन्होंने तुरंत उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में सीओ कटघर, मूंढापांडे थानाध्यक्ष, नायब तहसीलदार सदर पुलिस और पीएसी बल के साथ मौके पर पहुंच गए ।
अधिकारियों ने बड़ी मुश्किल से भाकियू कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत किया। नायब तहसीलदार सदर ने भाकियू कार्यकर्ताओं का ज्ञापन लिया और उन्हें वापस धरना स्थल पर भेजा। कुछ देर बाद स्वतंत्र देव सिंह यहां से गुजरते हुए मुरादाबाद पहुुंचे। इस मौके पर भाकियू नगर अध्यक्ष रणधीर सिंह, अजयपाल, इंद्रपाल, मुकेश चौहान, रविंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, किशनलाल, रविंद्र ,महेंद्र आदि मौजूद थे।