अगवानपुर। भाकियू टिकैत के कार्यकर्ताओं ने भटावली में रिंग रोड का काम रुकवाकर दूसरे दिन मंगलवार को भी धरना दिया। किसान रिंग रोड पर अंडर पास और मार्ग के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाने की मांग कर रहे हैं।
मुरादाबाद शहर में भारी वाहनों का प्रवेश बंद करने के साथ दिल्ली से बरेली और रामपुर की तरफ आने जाने वाले वाहनों के लिए रिंग रोड का निर्माण हो रहा है। रिंग रोड भटावली से होकर गुजर रहा है। ग्रामीणों की हजारों बीघा जमीन रिंग रोड के कारण दो तरफ बंट गई है। रिंग रोड बनने पर ग्रामीणों के आने-जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के वरिष्ठ मंडल अध्यक्ष चौधरी वीर सिंह ने बताया कि सर्विस मार्ग और अंडर पास के संबंध में किसानों ने एनएचएआई से संपर्क किया तो अधिकारियों ने साफ मना कर दिया। इसके बाद किसानों ने रिंग रोड की मिट्टी डालने का काम रोक दिया। मंगलवार को भी रोड पर ट्रैक्टर ट्रॉली लगाकर डंपरों का रास्ता बंद कर दिया और धरने पर बैठ गए। जानकारी होने पर तहसीलदार, सीओ सिविल लाइंस और थाना प्रभारी मनीष सक्सेना मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसानों को धरना समाप्त करने करने का अनुरोध किया। किसानों ने रिंग रोड के बराबर से सर्विस रोड और अंडर पास के बनाने की मांग पर डटे रहे। इस दौरान जगवेंद सिंह जोली, इशांक अहमद, महावीर सिंह, राजे सिंह, ओमप्रकाश, कल्लू सिंह, नन्हे सिंह पहलवान, अली हसन, कारण सिंह, बलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
चकबंदी न होने से खेतों पर आने जाने के रास्ते नहीं
भटावली के जंगल को इत्माली और मुस्तम में दो भागों में बांटा गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कभी यहां चकबंदी नहीं हुई। इससे हजारों बीघा के जंगल में सरकारी चक रोड नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि रिंग रोड के बनने से जो बचे हुए रास्ते हैं वह भी बंद हो जाएंगे। इससे किसान खेतों पर नहीं जा सकेंगे।