मुरादाबाद। कटघर थाना क्षेत्र के पीतलनगरी कलमा विहार स्थित डिलिवरी कंपनी के कार्यालय में कूमल लगाकर चोर 2.10 लाख रुपये उठा ले गए। चोर अपने साथ लॉकर और सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए। घटना की शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
हरियाणा के हिसार निवासी मनोज कुमार डिलिवरी लिमिटेड कंपनी में एआईएल के पद पर तैनात हैं। वह कटघर के पीतलनगरी कमला विहार में रहते हैं। घर पर ही कंपनी का कार्यालय खोल रखा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि सोमवार की सुबह छह बजे वह अपने सहकर्मी शिवकुमार और अंकित के साथ पीतलनगरी स्थित कंपनी के ऑफिस पहुंचा तो लॉकर के पास की दीवार टूटी मिली। आलमारी का ताला भी टूटा पड़ा था। उसका लॉकर गायब था। उसने 12 जनवरी की रात लॉकर में 2 लाख 10 हजार रुपये रखे थे। चोर कूमल लगाकर नकदी, लॉकर और सीसीटीवी डीवीआर भी समेट ले गए। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाबत चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।