कांठ। गन्ना सत्र 2025-26 के अंतर्गत चीनी मिलों में गन्ना पेराई शुरू हो गई है। ऐसे में किसानों से क्रय केंद्रों पर गन्ने की खरीद भी जा रही है। किसानों को गन्ना पर्चियां उपलब्ध कराने के लिए गन्ना विभाग ने एसएमएस की व्यवस्था की है। किसानों के मोबाइल पर एसएमएस के जरिए तौल पर्चियां भेजी जा रही हैं।
मंगलवार को सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ के सचिव खेत सिंह ने बताया कि मोबाइल पर तौल पर्चियां भेजने से किसानों को बड़ा लाभ पहुंचेगा। उन्हें पर्चियों के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और मैसेज के माध्यम से घर बैठे ही किसान गन्ना पर्चियों को प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वह अपने मोबाइलों को संचालित रखते हुए नेटवर्क का ख्याल रखें, ताकि गन्ना पर्चियों का एसएमएस उन्हें मिल सके। उन्होंने खास तौर पर वह मोबाइल नंबर संचालित रखने के लिए कहा है कि जो समिति और चीनी मिल के रिकार्ड में अंकित है। यदि किसी किसान का मोबाइल नंबर गलत है तो वह समिति पहुंचकर उसे दुरुस्त और अपडेट करा सकते हैं। यदि गन्ना पर्चियों का एसएमएस मिलने में कोई दिक्कत आ रही है तो अपने संबंधित गन्ना पर्यवेक्षक से संपर्क कर समस्या को बताएं। ताकि समय पर निस्तारण हो सके।