ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन की अगुवाई में किसानों ने एमडीए दफ्तर पर प्रदर्शन व सभा कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान वक्ताओं ने 11 गांवों के किसानों से एमडीए द्वारा जबरन भूमि लेने के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया। कहा कि वह किसी कीमत अपनी जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत संगठन के नेता 11 गांव के किसानों के साथ एमडीए कार्यालय पहुंचे। वहां एमडीए प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने किसानों की जमीन लेने संबंधी जारी अधिसूचना को रद्द करने की मांग की। एमडीए कार्यालय गेट पर सभा भी की। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी कीमत पर अपनी जमीन एमडीए को देने को तैयार नहीं हैं। इसके बाद भी एमडीए के अधिकारी अफवाह फैलाकर व किसानों को गुमराह करके उनकी जमीन को जबरन लेने का प्रयास कर रहे हैं। बाद में सभी ने एमडीए की ओएसडी पारुल तरार को ज्ञापन दिया। इस पर उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि किसी भी किसान की जबरन जमीन नहीं ली जाएगी। प्रदर्शन व ज्ञापन देने वालों में मुरारीलाल गोला, मनोज शर्मा, ज्योति, संतोष कुमार, अबलेश कुमारी, आविनाश चंद्र, विक्की सैनी, बरखा राजपुत, तेज सिंह, शिवलाल, सुंदर, समरपाल, राज कुमार, नरेश कुमार, नसीम वारसी, चेतन चौहान आदि मौजूद रहे।