संभल। आलू की बुआई करने को एनपीके खाद के लिए किसान दिक्कतों से जूझ रहे हैं। बृहस्पतिवार को आदमपुर मार्ग पर स्थित सहकारी समिति रुकनुद्दीन सराय पर किसानों की भीड़ लगी रही। कई किसानों को सुबह से दोपहर हो गई, तब जाकर खाद मिल पाई। फिर भी उम्मीद पूरी नहीं हुई। किसानों का कहना रहा कि पर्याप्त मात्रा में खाद लेने के लिए कई बार सहकारी समिति के चक्कर लगाने पड़ेंगे। लाइन में खड़े किसानों में खाद के लिए आपाधापी का माहौल भी बना।
सहकारी समिति रुकनुद्दीन सराय पर बृहस्पतिवार को सुबह छह बजे से ही किसान बड़ी संख्या में पहुंच गए। किसानों की लाइन लग गई तो समिति पर किसानों के दस्तावेज लेकर खाद का वितरण भी शुरू हो गया। किसानों को घंटों लाइन में लगने के बाद भले ही खाद मिली लेकिन उनकी उम्मीद पूरी नहीं हुई। दोपहर के वक्त भी तमाम किसान खाद के लिए परेशान नजर आए। जिन किसानों को खाद मिल गई थी, वह भी मायूस दिखे।
किसानों का कहना रहा कि जमीन के मुताबिक जितना खाद चाहिए, उतना नहीं मिल पा रही। यह हालात तब हैं जबकि वह सुबह से लाइन में लगे और दोपहर हो गई।
सहकारी समिति के सचिव रईस वारसी ने बताया कि खतौनी के आधार पर किसानों को खाद का वितरण किया गया। एक हेक्टेयर भूमि पर सात कट्टे खाद दी गई है। इस तरह 120 किसानों को 25 मीट्रिक टन खाद बांटी है। अभी शुक्रवार को भी वितरण के लिए खाद का स्टॉक है।
00000000000000
इफको किसान सेवा केंद्र पर भी जुटे किसान
संभल। मंडी समिति संभल में स्थित इफको किसान सेवा केंद्र पर भी खाद लेने के लिए किसानों की भीड़ रही। इनमें महिलाएं भी खाद लेने के लिए पहुंचीं। यहां भी खाद का वितरण हुआ लेकिन किसान पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिलने से परेशान नजर आए। केंद्र प्रभारी राजेश चौधरी ने कहा कि किसानों को 1029 कट्टे खाद का वितरण किया गया। अभी 1700 कट्टे खाद का स्टॉक है। तीन बीघा भूमि पर एक कट्टा खाद दिया जा रहा है।
000000000000
सुबह आठ बजे से खाद लेने के लिए सहकारी समिति पर हूं। दोपहर हो गई अब जाकर खाद मिलने की उम्मीद जगी है। 40 कट्टे खाद चाहिए लेकिन पांच कट्टे मिल रहे हैं। ऐसे में परेशानी होगी। -अरमान
00000000000
.आलू की फसल बुआई के लिए 20 कट्टे खाद की जरूरत है। सुबह सात बजे से लाइन में खड़ा हूं और दोपहर हो गई है। सहकारी समिति पर खाद के लिए दिक्कतों से जूझ रहा हूं। -जिलेदार
000000000000
.मेरे पास 15 बीघा जमीन है। जिसमें आलू की फसल की बुआई करनी है। करीब 22 कट्टे खाद चाहिए लेकिन यहां सिर्फ पांच कट्टे मिले। ऐसे में खाद लेने को कई बार आना पड़ेगा। -आशकार
00000000000