कांठ। अवध चीनी मिल स्योहारा बिजनौर के कांठ नगर स्थित गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली और कम इंडेंट मिलने से नाराज किसानों ने बुधवार की सुबह धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने तीन प्रतिशत गन्ने की घटतौली का आरोप लगाया। बाद में तीन दिन में इंडेंट बढ़ाने के मिले लिखित आश्वासन पर किसान माने।
बुधवार की सुबह करीब नौ बजे कांठ नगर में तहसील के पास स्थित अवध चीनी मिल स्योहारा के गन्ना क्रय केंद्र पर एकत्र हुए किसानों ने गन्ने की तौल की जांच की। किसानों का आरोप है कि इस दौरान करीब तीन प्रतिशत की गन्ना घटतौली पाई गई। जिससे नाराज किसानों ने क्रय केंद्र पर ही धरना-प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। नारेबाजी करते हुए किसानों ने कथित उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। इसके बाद जानकारी मिलने पर मिल के उच्चाधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए तौल कांटे को शून्य कराया। वहीं किसानों ने कम इंडेंट जारी होने और गन्ना पर्चियों के वितरण में असमानता का मुद्दा प्रमुखता भी उठाया। किसानों का कहना था कि इंडेंट कम मिलने के कारण उन्हें गन्ना आपूर्ति करने में परेशानी हो रही है। मिल प्रबंधन की ओर से किसानों के बीच पहुंचे ब्लॉक इंचार्ज नवनीत सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर इंडेंट में तेजी लाई जाएगी और सभी क्रय केंद्रों पर समान रूप से इंडेंट जारी करने की व्यवस्था की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने किसानों को लिखित आश्वासन भी दिया। इस दौरान डॉ. ओमराज सिंह, भाकियू टिकैत के नगराध्यक्ष अरविंद बिश्नोई जॉनी, अखिल भारतीय बिश्नोई महासभा जिलाध्यक्ष भानु बिश्नोई, इंद्रजीत सिंह, नितिन बिश्नोई, सुरेंद्र, अमर सिंह, मुनिराज, सचिन कुमार, पिंटू चौहान, सुंदर चौहान, गौरव, रमेश, वीरेंद्र बिश्नोई, जितेंद्र कुमार, सुशील लंबरदार, कुलवीर सिंह, राकेश कुमार, निशांत बिश्नोई, महेंद्र चौहान, पुष्पेंद्र चौहान, राजू बिश्नोई, छोटे सिंह, राजेंद्र सिंह, सुशील कुमार, रामवीर सिंह, बबलू चौहान, संजय चौहान, बंटी आदि किसान रहे।
चीनी मिलों के अधिकारियों संग बैठक कर उनसे क्रय केंद्रों पर किसानों को कोई भी परेशान न होने देने के लिए कहा गया है। गन्ना घटतौली और इंडेंट के संबंध में भी सख्त निर्देश दिए गए हैं। फिर से इस संबंध में चीनी मिलों के अधिकारियों से कहा जाएगा।-मयंक कुंडू एसडीएम, कांठ
गन्ना इंडेंट जारी करने के संबंध में चीनी मिलों के अधिकारियों से कहा गया है। क्रय केंद्रों पर गन्ना घटतौली चेक करने के लिए बाट माप निरीक्षक को बुलाया जाएगा। कई क्रय केंद्रों से घटतौली की शिकायतें मिल रही हैं, इसकी जांच कराएंगे।-खेत सिंह सचिव सहकारी गन्ना विकास समिति, कांठ