बिलारी। क्षेत्र के मनकूला गांव में ऋषिपाल सिंह के आवास पर मंगलवार दोपहर भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ब्लॉक स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बकाया गन्ना मूल्य भुगतान में देरी और अघोषित बिजली कटौती की समस्या प्रमुखता से उठी। किसानों की समस्याओं को शीघ्र समाधान के लिए एसडीएम से मिलने का निर्णय लिया गया।
बैठक में भाकियू अराजनैतिक के पदाधिकारियों ने कहा कि बिलारी चीनी मिल पर बीते सीजन के गन्ना मूल्य भुगतान के लगभग दस करोड़ रुपये बकाया रह गए हैं। चीनी मिल द्वारा समय से गन्ना मूल्य का भुगतान न करके गन्ना एक्ट का उल्लंघन किया जा रहा है। बिलारी और सहसपुर उपखंड में आने वाले विद्युत उपकेंद्रों के अधिकतर फीडरों पर विद्युत आपूर्ति के निर्धारित शेडयूल में अघोषित कटौती की जा रही है।कृषक उपभोक्ताओं की सहमति के बिना उनके विद्युत कनेक्शनों की क्षमता वृद्धि की जा रही है तथा किसानों की कई समस्याओं का समाधान करने के नाम पर उनका राजस्व लेखपालों द्वारा शोषण किया जा रहा है।
बैठक में तय किया गया कि सभी समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र ही भाकियू अराजनैतिक का एक प्रतिनिधि मंडल शीघ्र ही एसडीएम से मिलकर किसानों की समस्याएं बताएगा। बैठक में संगठन पदाधिकारियों द्वारा कई ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति करते हुए उन्हें भी जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक की अध्यक्षता कृष्णपाल सिंह यादव और संचालन लाखन सिंह ने किया। बैठक में भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष सतीश चौधरी, युवा जिलाध्यक्ष अंकुर चौधरी, तहसील अध्यक्ष विक्की चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष मनवीर सिंह यादव,राजपाल सिंह सूरज सिंह,मोहित चौधरी,राजीव चौधरी, सतेंद्र चौधरी, समरपाल सिंह, संजय सिंह, राजपाल सिंह, श्योराज सिंह, वीरपाल सिंह, मलखान सिंह, विजय सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारी विद्युत उपकेंद्र कार्यालय पहुंचकर एसडीओ विद्युत से मिले और किसानों की विद्युत संबंधी समस्याएं बताईं।