बिलारी। स्थानीय लक्ष्मी जी चीनी मिल का स्योंडारा बी के नाम से स्वीकृत गन्ना क्रय केंद्र स्योंडारा के निकट अलारामपुर गांव में लगाया गया है। क्रय केंद्र शुरू होने के एक सप्ताह बाद भी केंद्र पर गन्ने की तौल चालू नहीं हुई है।
स्योंडारा गांव में स्योंडारा ए के नाम से करीमगंज चीनी मिल का और स्योंडारा बी के नाम से बिलारी के लक्ष्मी जी चीनी मिल का गन्ना क्रय केंद्र गन्ना विभाग ने स्वीकृत किया है। स्योंडारा बी के नाम से बनाए गए क्रय केंद्र पर अलापुर, रामपुर, मंगूपुरा, इमरतपुर, कासमपुर आदि ग्रामों के गन्ना किसान संबद्ध किए गए हैं। केंद्र पर तौल कांटा, अलग से वजन चेक करने के लिए तराजू और झोंपड़ीनुमा कार्यालय भी बनाया गया है, लेकिन केंद्र पर अभी तक तौल शुरू नहीं हो पाई है।
बिलारी चीनी मिल का पेराई सत्र बीती छह नवंबर से शुरू हो चुका है। अलारामपुर में लगे गन्ना क्रय केंद्र पर तोल शुरू न होने से आसपास के गन्ना किसान परेशान हैं। बुधवार दोपहर क्रय केंद्र पर केंद्र प्रभारी समेत कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, केवल केन गार्ड ध्यान सिंह उपस्थित थे। स्योंडारा गांव निवासी गन्ना विकास परिषद बिलारी के पूर्व अध्यक्ष कुंवर कपिल राज यादव ने बताया कि क्रय केंद्र पर जल्दी तौल शुरू कराया जाना गन्ना किसानों के हित में हैं। उन्होंने कहा कि इस क्रय केंद्र पर पड़ी तौल की व्यवस्था भी होनी चाहिए।
गन्ना समिति कार्यालय से तौल पर्ची आ जाने पर मैंने अपने खेत में गन्ने की छिलाई कराकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना भर दिया। दो दिन से ट्रैक्टर-ट्रॉली में खेत में खड़ी है। क्रय केंद्र पर तौल शुरू होने का इंतजार है। - वीर सिंह, अलारामपुर
गन्ना समिति बिलारी कार्यालय से मेरे नाम तीन दिन पहले तौल पर्ची आई थी, लेकिन क्रय केंद्र पर तौल न होने से पर्ची निरस्त हो गई। समस्या के समाधान के लिए क्रय केंद्र पर शीघ्र तौल शुरू होनी जरूरी है। - श्योराज सिंह, अलारामपुर
-
बिलारी चीनी मिल द्वारा स्योंडारा बी के नाम से स्वीकृत गन्ना क्रय केंद्र मौके पर स्थापित कर दिया गया है। चीनी मिल द्वारा इस क्रय केंद्र के लिए 1600 क्विंटल गन्ना आपूर्ति का इंडेंट भी भेज दिया गया है। इंडेंट के हिसाब से संबंधित गन्ना किसानों को गन्ना समिति कार्यालय से तौल पर्चियां भेजी जा रही हैं। बृहस्पतिवार से इस क्रय केंद्र पर नियमित तौल होगी। - हशमुल हसन, सचिव, सहकारी गन्ना विकास समिति बिलारी।