कांठ। छजलैट के गांव चंगेरी निवासी किसान ज्ञान सिंह (60) की अचानक तबीयत खराब होने से मौत हो गई। किसान के बेटों ने बताया कि धोखे से 2.5 लाख रुपये हड़पे जाने से उनके पिता तनाव में थे। उन्होंने बताया कि उन्हें हार्ट अटैक आया था। इससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
परिजनों के अनुसार ज्ञान सिंह किसान थे। रविवार की तड़के चार बजे उन्हें हार्ट अटैक आया। परिजन उन्हें मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन अस्पताल से उनके शव को थाना छजलैट ले आए। किसान के बेटे रामपाल और प्रेमपाल ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के ही गांव निवासी एक युवक ने नलकूप का बिजली कनेक्शन कराने के नाम पर उनके पिता से डेढ़ साल पहले ढाई लाख रुपये लिए थे। लेकिन कई बार कहने के बाद भी उसने न तो बिजली कनेक्शन ही कराया और न ही पैसे लौटाए। आरोपी ने उनके पिता को एक फर्जी रसीद थमा दी। अब उसने बिजली कनेक्शन कराने और ली गई रकम भी लौटाने को साफ मना कर दिया। इसे लेकर उनके पिता कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
उन्होंने एक बार आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास भी किया था, लेकिन तब उन्हें बचा लिया गया था। रामपाल ने कहा कि उनके पिता ने शनिवार को फिर अपने रुपये मांगे तो आरोपी ने मना करते हुए उन्हें धमकियां दीं। बेटों का आरोप है कि इसी को लेकर उनके पिता की हालत बिगड़ने से हार्ड अटैक आया और उनकी मौत हो गई। किसान की मौत से बेटे समरपाल, प्रेमपाल, रामपाल, अमरीश, बेटी मनोज और पत्नी क्रांति देवी का थाने के बाहर रो-रोकर हाल बेहाल था। किसान के बेटे रामपाल ने कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर भी दी है। छजलैट थानाध्यक्ष रमेश सहरावत ने कहा कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। संवाद