ठाकुरद्वारा। क्षेत्र के चर्चित फूलवती हत्याकांड का पुलिस आठ माह बाद भी खुलासा नहीं कर सकी है। महिला के बेटे की शिकायत पर एसएसपी ने इस हत्याकांड की जांच अब क्राइम ब्रांच को दी है।
गांव कालेवाला माधोवाला निवासी फूलवती 23 सितंबर 2025 को अपने बेटे मनोज कुमार के पास ठाकुरद्वारा आ रही थी। वह रास्ते से गायब हो गई थी। पांच दिन बाद उनका शव सड़ी गली हालत में गांव कमालपुरी खालसा की नहर के पास मिला था। पुलिस ने मनोज कुमार की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी। इस हत्याकांड का खुलासा करने के लिए एसओजी, कोतवाली पुलिस सहित कई टीमों ने प्रयास किया काफी लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की गई लेकिन पुलिस हत्याकांड का खुलासा करने में नाकाम रही है।
फूलवती के बेटे मनोज कुमार कुछ दिन पहले इस मामले में मुरादाबाद में एसएसपी से मिले थे। उन्होंने उनसे अपनी मां के हत्यारों की गिरफ्तारी न होने पर असंतोष जताया था। हत्या का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की थी। अब एसएसपी ने इस हत्याकांड के खुलासे की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंपी है। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मनोज परमार ने फूलवती हत्याकांड की विवेचना क्राइम ब्रांच को स्थानांतरित हो जाने की पुष्टि की है। संवाद