कांठ। इस समय गन्ना सीजन चल रहा है। चीनी मिलों में गन्ने की पेराई का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है, लेकिन इस बीच किसानों को समय पर गन्ना पर्चियां उपलब्ध नहीं हो रही हैं। जिस कारण क्रय केंद्रों से गन्ने का उठान भी समय पर नहीं हो पा रहा है।
इसी को लेकर बुधवार की शाम छजलैट क्षेत्र में फूलपुर मिठ्ठनपुर स्थित अवध चीनी मिल स्योहारा बिजनौर के क्रय केंद्र पर किसानों ने हंगामा करते हुए नाराजगी जताई। वीर सिंह, नरेंद्र सिंह, आदित्यवीर सिंह, विनय पाल सिंह, हरवेंद्र सिंह, प्रीतम सिंह, उमेश कुमार, बलवीर सिंह, हरपाल सिंह आदि किसानों का कहना था कि छजलैट में रम्पुरा स्थित क्रय केंद्र पर तो गन्ना तौल काफी तेजी से चल रही है और यहां के किसानों को बराबर गन्ना पर्चियां भी मिल रही हैं, लेकिन फूलपुर मिठ्ठनपुर क्रय केंद्र से जुड़े किसान परेशान हैं। किसानों ने नाराजगी जताते हुए गन्ना पर्चियां शीघ्र उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की है। सहकारी गन्ना विकास समिति कांठ के सचिव खेत सिंह का कहना है कि किसानों को निरंतर गन्ना पर्चियां मुहैया कराने के संबंध में चीनी मिलों के अधिकारियों से कहा गया है। ताकि क्रय केंद्रों पर गन्ना तौल प्रभावित न हो।