कांठ। खेत पर पालेज को पानी देने जा रहा किसान नदी पार करते समय गहराई में पैर जाने की वजह से डूब गया। यह देख आसपास खेतों पर काम कर रहे किसान व अन्य ग्रामीण दौड़कर पहुंचे। काफी देर की मशक्कत के बाद किसान को मृत अवस्था में नदी से बाहर निकाला जा सका।
थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर-काजीपुरा निवासी राजेंद्र सिंह सैनी (55) किसान थे। सोमवार की सुबह करीब 10:30 बजे वह रामगंगा नदी पार स्थित अपने खेत पर पालेज को पानी देने के लिए जा रहे थे। जब वह नदी को पैदल पार करते हुए बीच में पहुंचे तो अचानक पैर नदी की गहराई में जाने की वजह से वह गिरकर यहीं पर डूब गए। उनकी चप्पलों को पानी में तैरता देख खेतों पर काम कर रहे अन्य किसान व ग्रामीण भी दौड़कर पहुंचे गए।
इधर सूचना मिलते ही राजेंद्र के परिवार वाले और अन्य ग्रामीण भी नदी के तट पर आ गए। काफी देर तक तलाशने के बाद ग्रामीणों ने जैसे-तैसे किसान राजेंद्र को मृत अवस्था में नदी से बाहर निकाला। हादसे की जानकारी मिलते ही कांठ पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामे की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। किसान की मौत से परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है।