गांव अमानताबाद निवासी रघुवीर सिंह (60) की मंगलवार की रात इंजन की चपेट में आकर मौत हो गई। रघुवीर इंजन से फसल की सिंचाई कर रहा था। इस बीच हादसा हो गया। परिजनों ने बिना कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के गांव अमानताबाद निवासी रघुवीर खेती करता था। मंगलवार रात रघुवीर इंजन से खेत की सिंचाई करने गया था। रघुवीर की मदद के लिए एक व्यक्ति भी मौजूद था। रात करीब आठ बजे उक्त व्यक्ति घर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद जब वह खेत पर पहुंचा तो रघुवीर बोरिंग के पास घायल हालत में पड़ा था। सूचना पर परिजन भी खेत पहुंचे और रघुवीर को सुरजन नगर में डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक रघुवीर की मौत हो चुकी थी। रघुवीर की मौत से उसके बेटे रामस्वरूप व मनजीत, बेटी दीपा व कमलेश और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद