मुरादाबाद। प्राथमिक विद्यालय कुंदनपुर की जमीन हड़पने के लिए झूठे शपथपत्रों का इस्तेमाल किया गया था। तीन सदस्यीय कमेटी की जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं। समिति ने अपनी रिपोर्ट डीएम को सौंप दी है।
पांच जनवरी को एक पक्षकार ने विद्यालय के खिलाफ मुकदमा जीतने का दावा करते हुए कब्जा लेने की कोशिश की थी। इस पर अभिभावकों ने हंगामा कर दिया। अभिभावकों का आरोप था कि यदि विद्यालय शिक्षा विभाग से छिन गया तो उनके 110 बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो जाएगा।
डीएम अनुज सिंह ने प्राथमिक विद्यालय कुंदनपुर की जमीन का विवाद सामने आने पर सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी, एडीएम प्रशासन संगीता गौतम और एसडीएम सदर डॉ. राम मोहन मीणा की तीन सदस्यीय कमेटी गठित की थी।
जांच में सामने आया है कि वादी पक्ष ने शपथपत्र में अर्बन सीलिंग की जमीन का जिक्र किया है लेकिन शपथपत्र में कई झूठे तथ्यों का प्रयोग किया था। जिलाधिकारी ने इस बात की पुष्टि की, वादी के शपथपत्र में गलत तथ्य सामने आए हैं। इस मामले में जिला प्रशासन कोर्ट में रिपोर्ट को प्रस्तुत करेगा।