कांठ। तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार फैक्टरी कर्मी को रौंद दिया, जिससे हादसे में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे से गुस्साए लोगों ने मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर जाम लगा दिया। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
छजलैट थाना क्षेत्र के गांव भीकनपुर निवासी प्रीतम उर्फ रिंकू (25) पुत्र राकेश अगवानपुर में मोरा के पास स्थित फैक्टरी में इलेक्टिशयन का काम करता था। बृहस्पतिवार की रात 10 बजे वह फैक्टरी से काम निपटा कर बाइक द्वारा अपने घर भीकनपुर लौट रहा था। जब यह मुरादाबाद-हरिद्वार मार्ग पर सेरूवा चौराहा और दीवान मिल के बीच पहुंचा तो तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार उसे घसीट कर भी दूर तक ले गई। गंभीर घायल होने से प्रीतम की मौके पर ही मौत हो गई। पता लगने पर परिवार वालों में कोहराम मच गया और वह भी हादसा स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाली कार को भी पकड़ लिया। हादसे से गुस्साए मृतक के परिजनों व गांव वालों ने शुक्रवार की सुबह सेरूवा चौराहा पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने समझा बुझाकर कुछ देर में ही जाम खुलवा दिया था। प्रीतम अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी तीन साल की बेटी मोक्षु भी है। मौत से पिता राकेश, मां राजवती, पत्नी शालिनी, भाई कार्तिक, बहन मनीषा और नेहा का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार में दिवाली के त्योहार की खुशियां भी काफूर हो गई। पोस्टमार्टम से आने के बाद गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।