मुरादाबाद। निर्यातकों ने शुक्रवार को प्रदेश सरकार से ओडीओपी स्कीम के तहत नोएडा फेयर अक्तूबर 2025 एवं फरवरी 2026 की लंबित सब्सिडी राशि जारी करने की मांग उठाई। इस दौरान सब्सिडी को लेकर निर्यातकों ने एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेंद्र चौधरी को पत्र भेजा।
यस (यंग इंटरप्रन्योर सोसायटी) के चेयरमैन जेपी सिंह ने कहा कि इस समय हस्तशिल्प उद्योग वैश्विक आर्थिक अस्थिरता, अंतरराष्ट्रीय तनाव, बढ़ती उत्पादन लागत, लॉजिस्टिक्स खर्च एवं कच्चे माल की महंगाई जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। ऑर्डर में कमी आने से उद्योग पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में फेयर सब्सिडी निर्यातकों के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि अक्तूबर 2025 में फेयर के 50 प्रतिशत निर्यातकों की सब्सिडी नहीं आई है। फरवरी 2026 फेयर के सभी निर्यातकों की सब्सिडी नहीं आई है। जिला उद्योग केंद्र में सब्सिडी के लिए आवेदन किया जा चुका है। सब्सिडी नहीं आने से एमएसएमई इकाइयों की कार्यशील पूंजी प्रभावित हो रही है। निर्यातकों का कहना है कि हमारी मांग है कि लंबित सब्सिडी राशि जल्द जारी की जाए।
एमएचईए (मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट्स एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन) के अध्यक्ष नावेद उर रहमान का कहना है कि ऑर्डर कम मिल रहे हैं। निर्यातकों की पिछले दो फेयर की सब्सिडी नहीं आई है। इससे उद्योग पर वित्तीय दबाव बनता जा रहा है।
13 अक्तूबर से 17 अक्तूबर तक चलेगा फेयर
62वां आईएचजीएफ दिल्ली फेयर 13 अक्तूबर से 17 अक्तूबर चक नोएडा में चलेगा। इसका आयोजन ईपीसीएच की ओर से किया जाता है। ईपीसीएच के अध्यक्ष नीरज खन्ना ने बताया कि फेयर में कुल 3500 स्टॉल हैं। अभी तक 1400 निर्यातकों ने स्टॉल की बुकिंग करा ली है। स्टॉल बुकिंग का डीडी बनवाने की अंतिम तिथि 30 मई है।