मुरादाबाद। कारखाना के लेनदेन का काम संभालने वाले एक्सपोर्टर दोस्त ने अपने ही दोस्त को 15 लाख का चूना लगा दिया। आरोप है कि विश्वास में दगाकर उसने पूरी रकम हड़प ली। शिकायत के आधार पर कटघर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोहिनूर तिराहा ख्वाजा नगर निवासी डॉ. सियाराम वर्मा ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनकी फर्म मेसर्स एसवीसीसी हैंडीक्राफ्ट उत्पादों का कारोबार करती है। इसका मुख्य कार्यालय लखनऊ स्थित प्रियदर्शिनी काॅलोनी सीतापुर रोड पर है। डॉ. सियाराम के अनुसार साल 2018 में उन्होंने मुरादाबाद में एक कारखाना लगाने की कार्ययोजना बनायी। इस बीच कुंदरकी के गांव लालढाया निवासी उनके पुराने परिचित मोहम्मद रईस ने उनसे मुलाकात की। भरोसा दिया कि उसको माल के आयात-निर्यात का काफी अनुभव है। बताया कि वह कारखाना संभाल देगा। दोस्त पर विश्वास करके डॉ. सियाराम ने मुरादाबाद के कारखाने की पूरी जिम्मेदारी उसे सौंप दी। इसके बाद महानगर की ज्यादातर निर्यात फर्मों से डॉ. सियाराम के कारखाने के लिए आर्डर मिलने लगे। इसमें निर्यात फर्म द्वारा चेक और नकद भुगतान किया जाता था। डॉ. सियाराम का कहना है कि जब उन्होंने रईस से कारखाने का हिसाब मांगा तो वह आनाकानी करने लगा। बाद में पता चला कि फर्म के लेनदेन में काफी गड़बड़ी हुई है। रईस ने फर्म से कुछ उधार भी ले लिए थे। छानबीन से पता चला कि रईस ने 15 लाख रुपये का गबन किया है। दबाव बनाने पर रईस ने गड़बड़ी की बात स्वीकार करते हुए कहा कि वह 15 लाख रुपये वापस कर देगा, लेकिन 30 माह बीतने के बावजूद उसने एक भी पैसा नहीं दिया। इस मामले में एसएसपी ने एफआईआर दर्ज करने के लिए कटघर पुलिस को निर्देश दिए। थाना प्रभारी कटघर तेजवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी मोहम्मद रईस के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का केस दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान ठोस तथ्य सामने आने पर पुलिस कार्रवाई करेगी।