मुरादाबाद। कॉलेजों में विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 दिसंबर से प्रस्तावित हैं। मंगलवार तक विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म कॉलेजों की ओर से सत्यापित किए जाएंगे। इसके साथ ही सोमवार को कर्मचारियों ने बैठक कर विश्वविद्यालय से पारिश्रमिक न मिलने पर बहिष्कार का निर्णय लिया। उन्होंने मंगलवार को कॉलेज में धरना देने की योजना बनाई।
स्नातक प्रथम वर्ष के परीक्षा फॉर्म समर्थ पोर्टल के माध्यम से भरे जाएंगे। भुगतान के गेटवे की स्थिति स्पष्ट न होने की वजह से आवेदन शुरु करने के लिए अलग से तारीख घोषित की जाएगी। इसलिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से 10 दिसंबर से 22 जनवरी तक स्नातक के तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। विश्वविद्यालय ने एक हजार रुपये के विलंब शुल्क के साथ सोमवार तक अभ्यर्थियों द्वारा परीक्षा फॉर्म विभाग में जमा करने के निर्देश दिए थे। विभाग द्वारा आवेदन पत्र मंगलवार को ऑनलाइन सत्यापित किए जाएंगे।
नहीं मिले प्रश्नपत्र व रोल लिस्ट परीक्षा फॉर्म सत्यापन की आखिरी तारीख नौ दिसंबर होने की वजह से अभी तक परीक्षा केंद्रों को रोल लिस्ट आदि की सूची नहीं मिली है। केंद्र प्रभारियों का कहना है कि सूची नहीं होने की वजह से सीटिंग प्लान नहीं बन पाया है। अब एक दिन में ही पूरी व्यवस्था करना चुनौतीपूर्ण रहेगा। इसके अलावा हिंदू कॉलेज को 20 अन्य कॉलेजों का नोडल केंद्र बनाया है। यहां पर प्रश्नपत्र नहीं पहुंचे हैं।
00
परीक्षा करवानी है तो भुगतान करे विश्वविद्यालय
महाविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के पदाधिकारियों ने सोमवार को हिंदू कॉलेज में बैठक कर परीक्षा के बहिष्कार का निर्णय लिया। मंडल अध्यक्ष जेडए नकवी ने कहा कि पुरानी परीक्षाओं के पारिश्रमिक का पूर्ण भुगतान नहीं तथा वर्तमान परीक्षा के पारिश्रमिक का 80 फीसदी धनराशि महाविद्यालय को प्राप्त नहीं होने तक एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की परीक्षाओं का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। इसके साथ ही नौ दिसंबर को सांकेतिक धरना भी दिया जाएगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजेंद्र पाल सिंह, सचिव बलवंत सिंह, रामजियावन यादव, प्रदीप दुबे, शोभित गुप्ता, प्रखर आलम, अभिषेक सिंह आदि मौजूद रहे।
00
छात्रहित में विद्यार्थियों को विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका दिया गया है। मंगलवार तक सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्र पहुंच जाएंगे। परीक्षा करवाना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। पारिश्रमिक के भुगतान की प्रक्रिया भी विश्वविद्यालय में चल रही है। कुछ कारणों की वजह से भुगतान में विलंब हुआ है।
डॉ. अमित सिंह, मीडिया प्रभारी, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय