मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के बाद देर रात तक कृषि उत्पादन मंडी समिति में ईवीएम और वीवीपैट स्ट्रांग रूम में जमा किए गए। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ही चुनाव प्रेक्षक भी मौजूद रहे।
कुंदरकी विधानसभा में मतदान के बाद शाम सात बजे से पीठासीन अधिकारी और सहायक अधिकारी ईवीएम लेकर मंडी समिति आना शुरू हो गए। देर रात तक ईवीएम को जमा करने का क्रम जारी रहा। मंडी समिति के हॉल के अलावा बाहर भी टेबल लगाई गई थीं। स्ट्रांग रूम में 436 ईवीएम एवं वीवीपैट रखने के बाद अधिकारियों की देख रेख में सील की गईं।
मतगणना 23 नवंबर को होगी। स्ट्रांग रूम के सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंडी समिति में ईवीएम की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कोई भी अधिकारी स्ट्रांग रूम तक आने के बाद अपना हस्ताक्षर गेट पर करने के बाद अंदर प्रवेश करेगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी गुलाब चंद ने बताया कि रात साढ़े दस बजे तक ईवीएम एवं वीवीपैट रखे जाने का सिलसिला जारी रहा।
सपा नेता निगरानी में जुटे
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निर्देश दिए थे कि मतदान के बाद पार्टी कार्यकर्ता ईवीएम वाहनों के साथ स्ट्रांग रूम तक जाएंगे। मतगणना तक ईवीएम पर निगरानी रखी जाएगी। सपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम की रखवाली करने के लिए लोकसभा की तरह ही मंडी में डेरा जमा दिया है।