कांशीराम नगर में रहने वाली 11वीं कक्षा की छात्रा से उसके पड़ोस में रहने वाले युवक ने सरेराह छेड़खानी की। आरोपी पूर्व में इस तरह की हरकतें कर चुका है। छात्रा ने मामले की शिकायत परिजनों से की। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ मझोला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद आरोपी भाग गया।
कांशीरामनगर में रहने वाले कंपनी कर्मचारी ने बताया कि उसकी बेटी 11वीं कक्षा की छात्रा है। उसे मोहल्ले में रहने वाला रोहित पुत्र दिनेश परेशान करता है। रास्ते में पीछा करता है और फब्तियां कसता है। शुरूआत में छात्रा ने आरोपी की हरकतों को नजर अंदाज किया लेकिन आरोपी बाज नहीं आया।
आरोप है कि मंगलवार को छात्रा घर से बाजार की तरफ जा रही थी तो आरोपी ने उसका पीछा किया। रास्ते में रोककर बात करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध जताया तो आरोपी ने उससे छेड़खानी की। छात्रा ने शोर मचाया तो राहगीर एकजुट हो गए।
पकड़े जाने के डर से आरोपी भाग गया। मामले की शिकायत पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों से की। परिजनो ने आरोपी के खिलाफ मझोला थाने में तहरीर दी। सीओ सिविल लाइन रईस अख्तर ने बताया कि शिकायत के आधार पर छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट का मामला दर्ज किया है। आरोपी भी छात्र बताया जा रहा है।