मुरादाबाद। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) ने बर्मिंघम में ऑटम फेयर इंटरनेशनल-2025 में अपनी आमद दर्ज कराई। कॉन्सुल जनरल डॉ. वेंकटाचलम मुरुगन ने ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का उद्घाटन किया। यूके के बर्मिंघम में स्थित एनईसी में ईपीसीएच के अध्यक्ष नीरज खन्ना और मुख्य संयोजक अवधेश अग्रवाल पहुंचे हैं।
इस अवसर पर कॉन्सुल (वाणिज्य) एवं एचओसी अमन बंसल, क्षेत्रीय निदेशक हलदर, ईपीसीएच के क्षेत्रीय संयोजक गिरीश अग्रवाल और मेले में भाग ले रहे सदस्य निर्यातकों ने मुरादाबाद समेत भारत के सभी उत्पादों को प्रदर्शित किया। यह मेला 10 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। ईपीसीएच के अध्यक्ष ने कहा कि परिषद नियमित रूप से ऑटम फेयर इंटरनेशनल में भाग लेती आ रही है।
भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता होने के साथ, प्रगतिशील टैरिफ कटौती, सरल उत्पत्ति नियम और सीमा शुल्क सुगमता, क्रेता-विक्रेता संवादों में विश्वास लाएगी। ब्रिटेन के खुदरा विक्रेताओं के लिए भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के साथ बहु-मौसमी उत्पादों, निजी लेबल और डिजाइन सहयोग को बढ़ाने की गुंजाइश होगी। ईपीसीएच के छह सदस्य निर्यातक ईपीसीएच इंडिया पैवेलियन के अंतर्गत भाग ले रहे हैं। इसमें घरेलू वस्त्र एवं साज-सज्जा, हस्तनिर्मित चमड़े के उत्पाद और फैशन सहायक उपकरण आदि प्रदर्शित किए जा रहे हैं।