साइबर लुटेरों ने मोबाइल पर डिटेल पूछ कर इंजीनियर समेत दो के एकाउंट से 88640 रुपये उड़ा लिए। दोनों ने सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज करा दीं हैं। ठगी का शिकार हुए इंजीनियर राम दत्त मूलरूप से कासगंज निवासी हैं। यहां रामगंगा विहार में रहते हैं।
जबकि मुरादाबाद-बरेली हाईवे का निर्माण कर रही कंपनी में वह तैनात हैं। राम दत्त का सिविल लाइंस स्थित आईसीआईसीआई बैंक में एकाउंट है। उन्होंने सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज करते हुए बताया कि छह मई को उन्होंने नये एटीएम कार्ड के लिए बैंक में आवेदन किया था।
9 मई को उनके पास कॉल आई। कॉल करने वाले ने कहा कि बैंक से बोल रहा है। साथ ही पूछा कि क्या उन्होंने नये एटीएम कार्ड के लिए आवेदन किया है। इसके बाद एकाउंट की जानकारी ले ली। डिटेल बताते ही इंजीनियर के एकाउंट से 40 हजार रुपये गायब हो गए। इंजीनियर के मोबाइल पर भी इसका मैसेज आया।
जबकि ठगी की दूसरी घटना दीन दयाल नगर निवासी जगजीत कौर के साथ हुई। जगजीत कौर ने भी सिविल लाइंस थाने में केस दर्ज कराया है। एसबीआई में जगजीत कौर का एकाउंट है। उन्होंने बताया कि 11 मई को उनके मोबाइल पर किसी व्यक्ति ने कॉल कर एकाउंट की जानकारी ले ली। इसके बाद उनके एकाउंट से 48640 रुपये गायब हो गए।