मुरादाबाद। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत बुधवार को इंद्राचौक से मकबरा सब्जी मंडी तक नगर निगम का बुलडोजर चला। इस दौरान 26 अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किए। अतिक्रमणकारियों से 6500 रुपये जुर्माना भी वसूल किया।
अतिक्रमण हटाने के लिए निर्धारित कार्यक्रम के तहत बुधवार सुबह 11 बजे नगर निगम कर अधीक्षक राजीव लोचन पाठक की अगुवाई में प्रवर्तन दल इंद्राचौक पहुंचा। दल को देखते हुए वहां सड़क किनारे ठेला और फड़ लगाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। दुकानदार अपनी दुकान के आगे तक फैला कर रखा सामान जल्दी-जल्दी समेट कर अंदर करने लगे। कई दुकानदारों ने नाले पर स्लैब डाल रखी थी तो कुछ ने नाले पर टिनशेड डाल रखा था। नगर निगम के बुलडोजर ने उसे ध्वस्त कर दिया। अभियान शुरू होने पर कुछ लोगों की टीम से हल्की-फुल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन टीम ने अभियान जारी रखा। अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने बताया कि टीम ने 26 अस्थायी अतिक्रमण हटाने के साथ 6500 रुपये जुर्माना वसूल किया। इस दौरान मुख्य रूप से कर अधीक्षक राजीव लोचन पाठक, कर निरीक्षक दीपक सिंह, अब्दुल अजीम, सचिन सक्सेना, प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल एके शाही, ईटीएफ फोर्स तथा संबंधित थाने का पुलिस बल मौजूद रहा।