फुटपाथ से हटेगा अतिक्रमण
स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया गया कि स्मार्ट सिटी और नगर निगम की जो भी सड़कें हैं, वहां से फुटपाथ से पूरी तरह से अतिक्रमण हटाया जाएगा। साथ ही यहां ग्रीन बेल्ट तैयार की जाएगी। जिससे सड़क पर पूरी तरह से हरियाली नजर आएगी। फुटपाथ पर किसी भी तरह का अतिक्रमण हो, इसके लिए जल्द ही अभियान शुरू होगा।
करूला नाले का बढ़ाया बजट
करूला नाले का कार्य बरसात से पहले पूरा कराने का भी निर्णय लिया गया है। 49 करोड़ की लागत से नाले का निर्माण कार्य होना था। बैठक में नाले में एसटीपी के निर्माण पर आने वाले अतिरिक्त छह करोड़ रुपये को भी मंजूरी दी गई। अब यह प्रोजेक्ट 49 के बजाय 55 करोड़ की लागत से पूरा होगा।
बाजारों में बनेंगे फीडिंग सेंटर
शहर की महिलाओं को अब बाजारों में बच्चों को फीड कराने में होने वाली परेशानी से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी ने शहर के मुख्य बाजारों में बेबी फीडिंग रूम बनाए जाने का निर्णय लिया है, जिससे नवजात बच्चों के साथ आने वाली माताओं को अब असुविधा नहीं होगी। यहां महिलाओं की सुरक्षा और गोपनीयता का भी विशेष ख्याल रखा जाएगा। योजना के तहत शहर के प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ऐसे सेंटर स्थापित किए जाएंगे।
कार्य में लापरवाही पर लगाया जुर्माना
स्मार्ट सिटी के तहत शहर की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए स्मार्ट सिटी ने विद्युत विभाग को स्काडा प्रोजेक्ट का कार्य सौंपा था। करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से पूरा होने वाले इस प्रोजेक्ट से शहर में 24 घंटे बिजली की सेवा सुनिश्चित करने का कार्य होना था। 2023 के अंत तक इस प्रोजेक्ट का कार्य पूरा होना था, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ। इसके लिए कार्यदायी संस्था पर जुर्माना लगाने का निर्णय लिया गया है।
जल्द शुरू होगी पार्किंग की सुविधा
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत बनाए गए ई-कियोस्क और कॉमन फैसिलिटी ब्रास फरनेस सेंटर को जल्द शुरू कराए जाने का निर्णय लिया गया। मंडलायुक्त ने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं को जल्द शुरू किया जाए। स्मार्ट सिटी की ओर से पार्किंग की सुविधा को भी जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया। सीईओ दिव्यांशु पटेल ने आश्वस्त किया कि इसी महीने से पार्किंग की सुविधा पांच मुख्य स्थानों पर शुरू हो जाएगी।
बोर्ड में शामिल हुए एमडीए उपाध्यक्ष
स्मार्ट सिटी बोर्ड बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने की। इसमें स्मार्ट सिटी के सीईओ नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल, एडिश्नल सीईओ अतुल कुमार, जनरल मैनेजर तकनीकी एके मित्तल, टाउन कंट्री प्लानिंग विवेक भास्कर शामिल हुए। बैठक में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अनुभव सिंह को बोर्ड में शामिल किया गया।