मुरादाबाद में आईपीएल सट्टा खिलाने वाले गिरोह के चंगुल में फंसकर दो करोड़ रुपये गंवाने वाले एक और व्यापारी ने शिकायत की है। शनिवार को उसने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर गिरोह के फरार पांच आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित कहना है कि पहले उससे आईपीएल में रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर सट्टा लगवाया।
जब वह हार गया तो उससे दो करोड़ रुपये वसूल लिए। पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस पांच और आरोपियों पर रंगदारी वसूलने की धारा बढ़ाएगी। पुलिस ने 12 अप्रैल की रात सिविल लाइंस क्षेत्र में कौशल कपूर के फ्लैट में छापा मारकर आईपीएल मैचों में सट्टा लगवाने वाले गिरोह के नौ सदस्य सुशील चौधरी, अभिनव, कौशल कपूर, विपुल, मनोज अरोरा, धर्मेंद्र कुमार, रोहित गुप्ता, हेमंत कुमार और मोहम्मद शहजादे को गिरफ्तार किया था।
दो दिन बाद पुलिस ने 10वें आरोपी साहिल गुप्ता को जेल भेज दिया था। फरार आरोपी अमित नागपाल, कमल दीप टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाला, आशु रस्तोगी, विशाल डुडेजा, रचित रस्तोगी, सुमित उर्फ सन्नी सेठी, टीटू उर्फ दीपक गगनेजा, विक्की छावड़ा और कमल छावड़ा पुलिस के हाथ नहीं आए हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मझोला थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यापारी सिविल लाइंस थाने पहुंचकर प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस ने दावा किया कि व्यापारी का कहना है आईपीएल सट्टा खिलाने वाले गिरोह के सदस्य अमित नागपाल, विशाल डुडेजा, कमलजीत टंडन, राजदीप टंडन, मुकुल गोटेवाले ने आईपीएल मैच में रकम दोगुनी कराने का झांसा देकर सट्टा लगवाया।
इसके बाद आरोपी उससे दो करोड़ रुपये वसूल चुके हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि शिकायतीपत्र मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों पर रंगदारी वसूलने की धारा बढ़ाई जाएगी।
आईपीएल में सट्टा: मुरादाबाद में पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष समेत नौ पकड़े, 12 साल से कई जिलों में चला रहे थे गैंग