कांठ। एक अक्तूबर से शुरू हो रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की सफलता को लेकर मंगलवार को छजलैट ब्लॉक कार्यालय के सभागार में ग्राम प्रधानों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों की संवेदनीकरण बैठक हुई। इसमें स्वास्थ्य विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए गांवों में स्वच्छता एवं रोकथाम के प्रभावी उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जॉइंट मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास अधिकारी छजलैट शक्ति दुबे ने कहा कि इस अभियान में सभी मिलकर सहयोग करें। गांवों में साफ-सफाई के साथ ही कीटनाशकों और एंटी लार्वा के छिड़काव को कराएं और जागरूकता रैलियां निकालकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करें।
अधिकारियों ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। अभियान के दौरान गांवों में नियमित सफाई, नालियों की सफाई, जलभराव वाले स्थानों को चिह्नित कर उनकी सफाई तथा मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा। ग्राम प्रधानों, सचिवों और पंचायत सहायकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा ग्रामीणों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
इसके अलावा ब्लॉक सभागार में स्वास्थ्य कैंप भी लगाया गया। इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजीव सिंह, उमेश कुमार, एडीओ पंचायत जबर सिंह, एडीओ सतीश कुमार, एडीओ कृषि सनोज कुमार व चौधरी ऋषिपाल सिंह आदि मौजूद रहे।