मुरादाबाद। विद्युत विभाग की टीम ने शुक्रवार को लाइनपार मझोला क्षेत्र में चेकिंग की। इस दौरान एक मीटर से दो घरों की बिजली चलती हुई पाई गई। मामला एक अधिवक्ता के घर का था। इसे लेकर जब विभाग की टीम ने चेकिंग रिपोर्ट भरी तो वहां लोगों ने आपत्ति जताई और हंगामा करने की कोशिश की। विभाग के सभी अधिकारी मौके पर पहुंचे और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के जुर्म में जुर्माने की कार्रवाई की।
वर्तमान में बिजली विभाग की ओर से डोर टू डोर अभियान चलाया जा रहा है। इसमें बकायेदार उपभोक्ताओं को जल्द बकाया जमा कराने के लिए कहा जा रहा है और उपभोक्ताओं की समस्याओं का निवारण भी किया जा रहा है। साथ ही चेकिंग में बिजली चोरी पाए जाने पर कार्रवाई भी की जा रही है। जेई संदीप यादव ने बताया कि शुक्रवार को एसडीओ विक्रम सिंह टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। टीम को एक मीटर से दो घरों में बिजली चलती मिली। मामला अधिवक्ता के घर का था। इसे लेकर भवन स्वामी से मीटर चेकिंग के लिए कहा गया तो घर के लोगों ने आपत्ति जताई और हंगामा करने लगे। जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता संजय आनंद जैन, अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता ललित चौहान विजिलेंस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी देर बहस के बाद घर के परिसर के लोगों ने मीटर देखने की अनुमति दी। टीम ने जब बिल मांगा तो उपभोक्ता कोई बिल नहीं दिखा पाए। इसके बाद अफसरों ने चेकिंग रिपोर्ट भरकर लोड मापने के लिए चेक मीटर लगवा दिया। मुख्य अभियंता संजय आनंद जैन ने बताया कि पंद्रह दिन बाद परिसर पर लगे मीटर और चेक मीटर दोनों की यूनिट देखी जाएंगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।