मुरादाबाद। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता शुक्रवार को मुरादाबाद दौरे पर पहुंचे। 15 नवंबर से जिले में लागू होने जा रही अर्बन रीस्ट्रक्चरिंग को लेकर उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की। इस रीस्ट्रक्चरिंग से विद्युत व्यवस्था बदलेगी और हर अधिशासी अभियंता को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। एमडी ने कहा कि शहर के चार बिजलीघरों पर हेल्प डेस्क स्थापित की जाएंगी। नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को कोई समस्या न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। दो अधिशासी अभियंताओं को कमर्शियल श्रेणी के तहत बिल व राजस्व की जिम्मेदारी दी जाएगी। दो अधिशासी अभियंता 11 केवी और 33 केवी की तकनीकी जिम्मेदारी संभालेंगे। बिजली कटौती, शटडाउन व फाल्ट से संबंधित शिकायतें इनके पास जाएंगी। इसके अलावा रेड के लिए अलग अधिशासी अभियंता को जिम्मेदारी दी जाएगी। इनका काम बिजली चोरी रोकना और जुर्माना लगाना होगा।
मुरादाबाद में बुद्धि विहार, दौलतबाग, सीतापुरी, जीआईसी बिजलीघरों पर हेल्प डेस्क बनाई जाएंगी। हेल्प डेस्क फील्ड टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करेंगी। एमडी ने स्मार्ट सिटी में स्काडा कार्य जल्द पूरा कराने के लिए कहा। इससे विद्युत लाइन के फाल्ट की ट्रेसिंग जल्द हो सकेगी। एमडी ने बुद्धि विहार बिजलीघर में हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उपभोक्ता शिकायत निस्तारण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उपभोक्ता नंद किशोर शर्मा से बातचीत की और उनकी समस्या सुनी। मौके पर ही ऑनलाइन बिल जमा कराने की समस्या का निस्तारण कराया। टीजी-2 से जेई के रूप में पदोन्नत हुए सतेंद्र पाल सिंह की सर्विस बुक देखी। इस मौके पर मुख्य अभियंता एके चौरसिया, एसई प्रशांत कुमार, एक्सईएन योगेश कुमार, विकास दीप, रामयश यादव, नेहा चौधरी आदि अधिकारी मौजूद रहे।
00
ठेकेदार का भुगतान रुकने से लेट हो रहा स्काडा कार्य
कंपनी बाग स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में स्काडा सिस्टम की मॉनिटरिंग के लिए कंट्रोल रूम दो साल से तैयार हो रहा है। नगर निगम की ओर से ठेकेदार का भुगतान न होने के कार्य रुका हुआ है। प्रबंध निदेशक ने इस कार्य के बारे में अधिकारियों से पूछताछ की। उन्होंने कहा कि नगर निगम से समन्वय कर जल्द कार्य पूरा कराएं। एमडी ने बताया कि स्काडा सेंटर में डीएलपी स्क्रीन एवं कमीशनिंग से संबंधित कार्य पूरा होने से फाल्ट खोजना आसान हो जाएगा। एक बिजलीघर क्षेत्र में बिजली गुल होने पर दूसरे स्थान से खुद शुरू हो जाएगी।