मुरादाबाद। पीतल बस्ती क्षेत्र के गलशहीद फीडर में एक मकान के अंदर कारखाना चलता पाया गया। मकान में लगे बिजली के मीटर को बाईपास करके चार मोटरें चलाई जा रही थीं। सूचना पर बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कनेक्शन काटा। संबंधितों के खिलाफ थाना गलशहीद में एफआईआर दर्ज कराई गई है। साथ ही चार लाख रुपये जुर्माना भी वसूला जाएगा।
असालतपुरा, गलशहीद, दीवान का बाजार, नागफनी आदि क्षेत्रों में इस प्रकार के केस अधिक पाए जा रहे हैं। घनी आबादी और संकरी गलियां होने के कारण विभाग की टीम चोरी नहीं पकड़ पाती। इसके विपरीत लोगों के विरोध का सामना करना पड़ता है। मंगलवार को सूचना पर विभाग की टीम ने बिजली चोरी पकड़ी। एसडीओ राजवीर कटारिया ने बताया कि मकान में चार मोटरें लगी हुई थीं जिनके द्वारा बर्तनों की पालिश आदि कार्य किया जाता है। घरेलू कनेक्शन से कारखाना चलाया जा रहा था जोकि अपराध की श्रेणी में आता है। इसके अलावा बिल को कम करने के लिए मीटर को बाईपास किया गया था। उन्होंने बताया कि बिजली चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है और चार लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है।