कटघर थानाक्षेत्र के पीतल बस्ती में चेकिंग करने गई बिजली टीम फंस गई है। दरअसल पीतलबस्ती के एक पानवाले का कहना है कि बिजली टीम ने उसकी नहाती हुई बीवी का वीडियो बना लिया, जबकि टीम का कहना है कि उसने वीडियो कटिया का बनाया था। फिलहाल पानवाले की शिकायत पर कटघर पुलिस से इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पान की दुकान चलाने वाले व्यक्ति का परिवार पीतल बस्ती में रहता है। पान विक्रेता ने आरोप लगाया कि 26 नवंबर को उसकी पत्नी घर में मौजूद थी। वह बाथरूम में नहा रही थी। इसी बीच पीतल बस्ती बिजली सब स्टेशन के जेई अपनी टीम को लेकर उसके घर पहुंच गए।
वह सीधे घर में घुस गए और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान बाथरूम में एक कर्मचारी घुस गया और उसने उसकी पत्नी का नहाते समय का वीडियो बना लिया। इसके बाद बिजली टीम वाले उसका बिजली केबिल भी काट कर ले गए।
महिला के पति ने बताया कि उसने शिकायत महिला थाने में की थी। लेकिन पुलिस जांच के नाम पर मामले को टालती रही। बुधवार को इस मामले को कटघर थाने भेज दिया गया। कटघर इंस्पेक्टर एसपी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।