कांठ। छजलैट के गांव सीमला में देर शाम खेत पर नलकूप चलाने गए बुजुर्ग किसान मुखराम की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मुखराम के खेत पर नलकूप और कोठरी है। बताया गया है कि वह सिंचाई का काम निपटाने के बाद चोरी होने के डर से स्टार्टर को खोल कर कोठरी के अंदर रख आते थे।
मुखराम बुधवार की शाम सिंचाई करने के लिए खेत पर नलकूप चलाने गए थे। ग्राम प्रधान लाल सिंह ने बताया कि स्टार्टर का कनेक्शन जोड़ते समय वह करंट की चपेट में आ कर वहीं गिर गए। जब वह काफी समय तक घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें देखने के लिए खेत पर गए, तो वह नलकूप के पास ही जमीन पर पड़े हुए थे। परिजन व ग्रामीण जीवन की आस में उन्हें छजलैट चिकित्सक के पास लेकर आए। जहां डॉक्टर ने देखते ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन शव को घर ले गए। पता लगने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने समझा-बुझा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बताया गया है कि मुखराम के इकलौते बेटे खेमपाल की तीन साल पहले बीमारी से मृत्यु हो गई थी। दो साल पहले बड़े पोते वीरेंद्र की भी बीमारी से मृत्यु हुई थी। घर के पुरुष में वह और छोटा पोता पुनीत ही हैं। इस लिए 70 साल की उम्र में भी मुखराम को खेती संभालनी पड़ती थी। उनकी मौत से परिवार में कुहराम मचा हुआ था।