दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक युवती दुल्हन की पोशाक में बाइक चलाती दिखाई दे रही है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो मूंढापांडे और पाकबड़ा थाना क्षेत्र में हाईवे का बताया जा रहा है। वीडियो में युवती बिना हेलमेट पहने हाईवे पर बाइक दौड़ाती नजर आ रही है।
दुल्हन की पोशाक में युवती का यह कृत्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। कई अन्य वीडियो भी इसी तरह सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में युवती कभी बुलेट तो कभी किसी और बाइक को चलाती दिख रही है। युवती ने अपनी शादी के मौके पर बाइक चलाकर वीडियो बनाया है या फिर केवल दुल्हन की पोशाक पहनकर रील बनाने के चक्कर में बाइक चलाई है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है।
सोशल मीडिया पर लाइक्स और कमेंट्स पाने के लिए युवती अपनी जान की कोई चिंता नहीं कर रही है। उसके आस पास से भारी वाहन भी गुजर रहे हैं। युवती ने कुछ वीडियो में चश्मा भी लगा रहा है। एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दुल्हन की पोशाक में युवती बाइक चला रही है। मूंढापांडे और पाकबड़ा थाने की पुलिस को इस वीडियो की जांच के लिए लगाया गया है। यह वीडियो कब का है यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।