कुंदरकी। पुलिस टीम ने बुधवार को बाइक चोरी की कुंदरकी और मझोला थाना क्षेत्रों में हुई अनेक घटनाओं का खुलासा करते हुए बाइक चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ बाइकें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते था।
गौरतलब है कि कुंदरकी नगर और ग्रामीण इलाके से लगातार बाइक चोरी की घटनाओं सामने आ रही थीं। पुलिस ने भी गंभीरता दिखाते हुए छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो बाइक चोरी की घटनाओं को खुलासा होता चला गया। पुलिस ने विवेचना के दौरान बिलारी के मोहल्ला उदयनगर निवासी प्रिंस, मझोला के मोहल्ला लाइनपार में एकता नगर निवासी लकी, कुंदरकी के मोहल्ला कायस्थान निवासी तसलीम व सालिम, मोहल्ला तकिया निवासी अरकान और ग्राम शेखूपुर खास निवासी अंकित को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की आठ बाइकें बरामद कीं। कार्यवाहक एसओ जुगेंद्र तेवतिया ने बताया कि बरामद बाइकें कुंदरकी, मझोला, पाकबड़ा और संभल थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं जिनके सभी थानों में मुकदमे भी दर्ज हैं। एसओ के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अपने शौक पूरे करने को बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते और उनके जंगलों और बागों को छिपाकर रखते थे जबकि देहात में ग्राहक मिल जाता तो इन बाइकों बेच देते थे। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया है।